The Duniyadari: KORBA जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम अमलडीहा में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान सामने जा रही बाइक को उसने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक ट्रेलर के नीचे आ गई और चालक की घटनास्थल पर ही जान चली गई। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क किनारे खेत में जा घुसा।
घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक और घायल महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, पुलिस उनकी शिनाख्त में जुटी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।















