Thursday, March 5, 2026
Home Uncategorized Mahadev Satta App: दुबई से संचालित होती है सटोरियों की 60 वेबसाइट,...

Mahadev Satta App: दुबई से संचालित होती है सटोरियों की 60 वेबसाइट, कुछ अफसरों को हर महीने मिलते थे 55 से 75 लाख रुपए

776

रायपुर। Mahadev Satta App: छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य राज्यों में महादेव आनलाइन सट्टा एप को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दुबई से महादेव एप के सटोरियों की 60 वेबसाइट संचालित हो रही है। यह वेबसाइट ग्रुप चैट रूम को मेंटेन करती हैं।

0.कई पुलिस अफसर, नौकरशाह और नेता शक के दायरे में

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की अब तक की जांच में प्रदेश के कई पुलिस अधिकारियों, नौकरशाहों और नेताओं की एप के संचालक सौरभ चंद्राकर व रवि उप्पल के साथ साठगांठ का पर्दाफाश हुआ है। सूत्रों की मानें तो रायपुर सेंट्रल जेल में बंद निलंबित एएसआई चंद्रभूषण वर्मा के माध्यम से ही इन अधिकारियों और नेताओं को रिश्वत की मोटी रकम हर महीने पहुंचाई जाती थी।

0.चैटिंग एप को मेंटेन करती हैं वेबसाइट

महादेव एप का संचालक सौरभ चंद्राकर जांच एजेंसी को चकमा देने के लिए महादेव आनलाइन सट्टा एप के साथ करीब 60 वेबसाइट के चैट रूम बनाए गए हैं, जो अलग-अलग चैट एप्लीकेशन को मेंटेन करते हैं। महादेव आनलाइन सट्टा एप व वेबसाइट पर एक नंबर शेयर किया जाता है, जिस पर सिर्फ वाट्सएप एप्लीकेशन के जरिए ही संपर्क होता है। सट्टा मुख्य रूप से एप से ही खेला जाता है।

0.दुबई से आपरेट

महादेव आनलाइन सट्टा एप से जुड़े लोगों की छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ ही आंध्र प्रदेश पुलिस भी जांच कर रही है। आंध्र प्रदेश के भी अलग-अलग शहरों में महादेव एप के कई काल सेंटर चलाए जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश पुलिस की जांच में सामने आया है कि सभी वेबसाइट को दुबई में बैठकर सौरभ चंद्राकर अपने साथियों रवि उप्पल, कपिल चेलानी और सतीश कुमार की मदद से आपरेट कर रहा है।

जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि महादेव एप के जरिए अलग-अलग खेलों पर करोड़ों रुपये का सट्टा लगाया जाता है। इन खेलों में क्रिकेट के साथ-साथ कार्ड गेम्स, चांस गेम, बैडमिंटन, टेनिस, फुटबाल, तीन पत्ती, ड्रैगन टाइगर आदि शामिल हैं।