Sunday, March 15, 2026
Home छत्तीसगढ़ Naxalite Attack : नक्सलियों ने की भाजपा नेता की हत्या, फेंका पर्चा

Naxalite Attack : नक्सलियों ने की भाजपा नेता की हत्या, फेंका पर्चा

328

बीजापुर। Naxalite Attack : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने फिर एक भाजपा नेता की हत्या कर दी है। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में बुधवार को माओवादियों ने भाजपा नेता काका अर्जुन को मौत के घाट उतार दिया है। मौके पर माओवादियों ने पर्चा भी फेंका है। नक्सलियों ने बीजापुर मुख्यालय से 52 किलोमीटर दूर पर इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि, मृतक भाजपा नेता काका अर्जुन जैसे ही अपने घर से निकले, उसी वक्त घेरकर नक्सलियों ने उनको जान से मार दिया। दरअसल, नक्सलियों ने जिस भाजपा नेता की हत्या की है, वो ST मोर्चा के जिला मंत्री के पद पर पदस्थ थे। इससे पहले वे इल्मीडी के पूर्व सरपंच भी रह चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि, बीजापुर में आज के दिन ही नक्सलियों ने दो घटनाओं को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया था। इसमें DRG का एक जवान घायल हो गया था। घायल जवान का नाम अजय मंडावी है। हालांकि उस वक्त मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया था। दरअसल, माओवादी विरोधी अभियान के तहत कोबरा, एसटीएफ, डीआरजी दंतेवाड़ा और डीआरजी बीजापुर की संयुक्त टीम गंगालूर क्षेत्र के पीड़िया की तरफ निकली थी। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जवानों ने नक्सलियों के कैंप ध्वस्त करने के साथ ही माओवादी स्मारक स्थल को भी नष्ट कर दिया था। आईईडी ब्लास्ट के बाद सुरक्षाबलों ने माओवादियों के पास से भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्रियां, विस्फोटक, टेलरिंग टीम का सामान और दवाईयां बरामद की थी।