Thursday, August 13, 2026
Home Breaking PWD सचिव ने निर्माण कार्यों की समय-सीमा तय कर अधिकारियों को दिए...

PWD सचिव ने निर्माण कार्यों की समय-सीमा तय कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

4

The Duniyadari: Raipur-  लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने रायपुर परिक्षेत्र में चल रहे सड़क और भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित ‘निर्माण भवन’ में हुई बैठक में उन्होंने स्वीकृत, प्रगतिरत और निविदा प्रक्रिया वाले कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

सचिव ने वर्ष 2024-25 तक स्वीकृत सभी प्रगतिरत कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी हो और ठेकेदारों के कार्यों का मूल्यांकन कर लंबित भुगतान हर महीने नियमानुसार किया जाए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने से पहले संबंधित स्थल का फील्ड निरीक्षण जरूर किया जाए। समय-सीमा का पालन नहीं करने, लापरवाही बरतने या घटिया गुणवत्ता का काम करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने और आगामी निविदाओं से बाहर करने की प्रक्रिया अपनाई जाए।

रायपुर और नवा रायपुर में कार्यों की बेहतर निगरानी के लिए रायपुर मंडल क्रमांक-1 के चारों संभागों के कार्यक्षेत्रों का नए सिरे से पुनर्गठन करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, एक ही टेबल पर तीन साल से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक नई पदस्थापना की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया।

सचिव ने PWD-IMS में विभागीय कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक पूरा करने तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन भी इसी समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और लोक सेवा गारंटी से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण पर भी उन्होंने जोर दिया।

निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद बिना अनावश्यक देरी के अनुबंध कर कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए गए। कार्यों की अवधि निर्धारित करने के लिए एसओपी तैयार करने को कहा गया, जिसमें बारिश, पोल शिफ्टिंग, पाइपलाइन और अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा। निर्माण पूरा होने के तीन महीने के भीतर अंतिम बिल तैयार करने और भुगतान की प्रक्रिया के लिए भी एसओपी बनाने के निर्देश दिए गए।

मानसून को देखते हुए सचिव ने सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढों की मरम्मत तत्काल कराने को कहा। परफॉर्मेंस गारंटी अवधि वाली सड़कों में खराबी मिलने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अगले पांच वर्षों में सड़कों की आवश्यकता का आकलन कर जनसुविधा और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप योजनाबद्ध प्रस्ताव तैयार करने पर भी जोर दिया। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, रायपुर परिक्षेत्र के सभी नौ संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।