रायपुर। Rahul Gandhi Visit CG : कांकेर के भानुप्रतापपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दो चुनावी घोषणाएंं की है। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही यहां के बच्चों के लिए केजी टू पीजी तक फ्री शिक्षा मिलेगी। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए चार हजार रुपए प्रति बोरा मानक पर तेंदूपत्ता की खरीदी होगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज दो दिवसीय दौरे के तहत छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। राहुल गांधी कांकेर के भानुप्रतापपुर के बाद दोपहर 2.40 बजे कोंडागांव के फरसगांव में सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी सभाओं को संबोधित करेंगे। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे के तहत आज सुबह रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, चरणदास महंत ने उनका जोरदार स्वागत किया।































