Saturday, July 27, 2024
Homeदेशपंजाब के चुनावी मैदान में इस बार 521 करोड़पति , जानिए टॉप-10...

पंजाब के चुनावी मैदान में इस बार 521 करोड़पति , जानिए टॉप-10 में और किनका नाम

न्यूज डेस्क। पंजाब चुनाव में इस बार चुनाव लड़ने वाले करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या बढ़ गई है। 2017 में जहां, अलग-अलग दलों के 37% प्रत्याशी करोड़पति की सूची में थे, वहीं इस बार 41% हो गए हैं। पंजाब की सियासत में धनबल कितना हावी है, ये आप इन आंकड़ों के जरिए समझ सकते हैं।

किस दल ने दिए कितने टिकट

सबसे ज्यादा शिरोमणि अकाली दल के 93% उम्मीदवार करोड़पति हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के 92% और फिर भाजपा के 85% उम्मीदवार करोड़पति हैं। बहुजन समाज पार्टी इस मामले में चौथे, शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) पांचवे और आम आदमी पार्टी छठवें स्थान पर है। बसपा के 80%,  शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के 79% और आम आदमी पार्टी के 69% उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस से अलग होने के बाद पंजाब लोक कांग्रेस बनाने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी 59% करोड़पति प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे हैं।

प्रत्याशियों की संपत्ति संख्या

पांच करोड़ से अधिक.226
दो से पांच करोड़ तक.176
50 लाख से दो करोड़ तक.244
10 लाख से 50 लाख तक.287
10 लाख से कम.343

ये हैं पंजाब के टॉप-10 अमीर प्रत्याशी

1. कुलवंत सिंह : साहिबजादा अजीत सिंह नगर के एसएएस नगर सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलवंत सिंह पंजाब के सभी 1304 प्रत्याशियों में सबसे अमीर हैं। कुलवंत के पास कुल 238 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

2. सुखबीर सिंह बादल : फाजिल्का के जलालाबाद सीट से शिरोमणि अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल खुद चुनाव लड़ रहे हैं। पंजाब के सबसे अमीर प्रत्याशियों की सूची में बादल दूसरे नंबर पर हैं। इनके पास कुल 202 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

3. करण कौर : श्रीमुक्तसर साहिब के मुक्तसर सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी करण कौर अमीर प्रत्याशियों की सूची में तीसरे नंबर पर हैं। करण के पास 155 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

4. राणा गुरजीत सिंह : कपूरथाला सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी राणा गुरजीत सिंह चौथे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। गुरजीत के पास कुल 125 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है।

5. रणधीर सिंह : लुधियाना नॉर्थ से लोक इंसाफ पार्टी के उम्मीदवार रणधीर सिंह पंजाब के पांचवें सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। रणधीर के पास 111 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

6. सुरिंदर सिंह : फाजिल्का के जलालाबाद सीट से पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल को चुनौती दे रहे निर्दलीय प्रत्याशी सुरिंदर सिंह छठवें सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। सुरिंदर के पास कुल 108 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

7. अमन अरोरा : संगरुर के सुनमान सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अमन अरोरा भी टॉप-10 अमीर प्रत्याशियों की सूची में शामिल हैं। अमन के पास कुल 95 करोड़ की संपत्ति है।

8. आदेश प्रताप सिंह : तरन तारन के पट्टी सीट से चुनावी मैदान में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर कूद चुके आदेश प्रताप सिंह आठवें सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। आदेश के पास कुल 83 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

9. रंजीत सिंह गिल : साहिबजादा अजीत सिंह नगर के खरड़ सीट से शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी रंजीत सिंह गिल नौवें सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। रंजीत के पास कुल 84 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है।

10. सरबजीत सिंह मक्कड़ : जालंधर कैंट से प्रत्याशी सरबजीत सिंह पंजाब के टॉप-10 अमीर प्रत्याशियों की सूची में इकलौते भाजपा के उम्मीदवार हैं। सरबजीत के पास कुल 73 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments