Wednesday, August 26, 2026
Home रायपुर भाजपा की अहम बैठक में संगठन को मजबूत करने पर जोर, आगामी...

भाजपा की अहम बैठक में संगठन को मजबूत करने पर जोर, आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति

6

The Duniyadari: तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, प्रभारी मंत्रियों के कामकाज पर भी लिया गया फीडबैक

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश स्तर की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा विधायक भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक का प्रमुख फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने तथा सरकार और पार्टी संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहा। सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने और आने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।

तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की गई। सांसद संतोष पांडेय ने बताया कि बैठक में तिरंगा यात्रा के आयोजन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला और मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की स्थिति की भी जानकारी ली गई।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इसकी कार्ययोजना और कार्यक्रमों के संचालन को लेकर भी बैठक में विचार किया गया।

प्रभारी मंत्रियों के कामकाज पर चर्चा

प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए नियुक्त प्रभारी मंत्रियों की गतिविधियों की भी बैठक में समीक्षा की गई। जिलों में सरकार और संगठन के बीच तालमेल, स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों तथा कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को लेकर फीडबैक लिया गया।

जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी

बैठक में आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ योजनाओं एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की। साथ ही आने वाले दिनों में संगठन की गतिविधियों को बूथ, मंडल और जिला स्तर तक अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में भी मंथन हुआ।