Wednesday, August 26, 2026
Home रायपुर छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियां, रामलाल चौहान को मिली अध्यक्ष...

छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियां, रामलाल चौहान को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

5

The Duniyadari: रायपुर, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग के नए पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। अनुसूचित जाति विकास विभाग की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और तीन सदस्यों का मनोनयन किया गया है।

सरकारी आदेश के मुताबिक रामलाल चौहान को छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वेदराम मनहर को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। आयोग के सदस्य के रूप में सौरभ सिंह जागृत, दुर्गा महेश्वर और दयावत घर बाधे को नियुक्त किया गया है।

ये नियुक्तियां छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग अधिनियम, 1996 तथा 2020 में किए गए संशोधन के प्रावधानों के तहत की गई हैं।

सरकार के प्रसाद पर्यन्त रहेगा कार्यकाल

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगा और वे राज्य सरकार के प्रसाद पर्यन्त पद पर बने रहेंगे। किसी भी सदस्य को पद छोड़ने की स्थिति में राज्य सरकार को संबोधित स्वहस्ताक्षरित पत्र के जरिए इस्तीफा देने का अधिकार होगा।

यह आदेश राज्यपाल के नाम से और उनके आदेशानुसार जारी किया गया है। आदेश पर संयुक्त सचिव अनुपम त्रिवेदी के डिजिटल हस्ताक्षर दर्ज हैं।