The Duniyadari: रायपुर, 26 अगस्त। रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दुर्ग और रायगढ़ के बीच विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन 27 अगस्त से 29 अगस्त तक संचालित होगी और इस अवधि में कुल तीन फेरे लगाएगी।
दुर्ग से रायगढ़ जाने का समय
गाड़ी संख्या 08834 सुबह 10:30 बजे दुर्ग स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन भिलाई और कुम्हारी होते हुए 11:25 बजे रायपुर पहुंचेगी।
इसके बाद तिल्दा-नेवरा, भाटापारा और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए 2:45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। आगे चांपा, सक्ती और खरसिया के रास्ते शाम 7:00 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।
रायगढ़ से दुर्ग वापसी का शेड्यूल
वापसी में गाड़ी संख्या 08833 शाम 7:40 बजे रायगढ़ से प्रस्थान करेगी। ट्रेन रात 10:20 बजे बिलासपुर, 11:25 बजे भाटापारा पहुंचेगी।
इसके बाद आधी रात के बाद 12:40 बजे रायपुर पहुंचेगी और अगले दिन तड़के लगभग 2:00 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंचेगी।
10 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन में कुल 10 आईसीएफ कोच लगाए गए हैं। इनमें 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे, जिससे रक्षाबंधन पर सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।



































