The Duniyadari: वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विधान परिषद (MLC) चुनाव की मतगणना से पहले पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरे बंद होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद चुनावी निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। समाजवादी पार्टी ने इस मामले में आपत्ति जताते हुए प्रशासन से जवाब मांगा है।
सोमवार को सपा प्रत्याशी एवं निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने निर्वाचन अधिकारी और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को ज्ञापन सौंपकर निगरानी व्यवस्था पर चिंता जताई थी। उनका आरोप था कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद सीसीटीवी कैमरे भी बंद हो जाते हैं, जिससे मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की।
वहीं, जिला प्रशासन ने कैमरे बंद होने की वजह तकनीकी खराबी बताई है। प्रशासन के अनुसार, स्विच में खराबी आने से वायरिंग जल गई थी। मरम्मत के बाद कैमरों को दोबारा चालू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी व्यवधान के समय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। प्रतिनिधियों के साथ स्ट्रांग रूम के बाहरी हिस्से का निरीक्षण भी किया गया।
वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना 27 अक्टूबर को पहड़िया मंडी में शुरू हुई। दोनों सीटों के लिए अलग-अलग 15-15 टेबल लगाए गए हैं। ऐसे में मतगणना के बीच सीसीटीवी व्यवस्था को लेकर उठा विवाद राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। अब पूरे मामले में निगरानी व्यवस्था और प्रशासन के स्पष्टीकरण पर सबकी नज़र है ।



















