Thursday, March 12, 2026
Home छत्तीसगढ़ अंग्रेजी शराब मंगाते वीडियो वायरल, मस्तूरी नायब तहसीलदार हटाए गए…

अंग्रेजी शराब मंगाते वीडियो वायरल, मस्तूरी नायब तहसीलदार हटाए गए…

361

बिलासपुर। नायब तहसीलदार मस्तूरी का अंग्रेजी शराब मंगाते वीडियो वायरल हो गया है। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम के विरुद्ध आचरण के मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बिलासपुर ने नायब तहसीलदार मस्तूरी को तत्काल प्रभाव से जिला कार्यालय भू-अभिलेख शाखा बिलासपुर में अटैच कर दिया है। साथ ही नायब तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को भेजा है।

बिलासपुर जिले के मस्तूरी तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार रमेश कुमार कमार का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उनका आचरण शासकीय सेवक के आचरण के विपरीत है। कलेक्टर बिलासपुर द्वारा इस संबंध में बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को भेजे पत्र में उल्लेख किया गया है कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मस्तूरी द्वारा प्रतिवेदित किया गया है कि चार अप्रैल 2022 को मस्तूरी तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार रमेश कुमार का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें नायब तहसीलदार द्वारा शासकीय सेवक के विपरीत आचरण किया गया है। उस वीडियो में मीना नेताम, मनीष मिश्रा, सहायक ग्रेड-3 व नागरिक रूपचंद राय दिखाई दे रहे थे। साक्षियों के बयान से वीडियो की पुष्टि हो रही है। यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम-1965 के नियम-3 का उल्लंघन हैं। शासन एवं राजस्व न्यायालय की छवि धूमिल करने के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के प्रतिवेदन के आधार पर नायब तहसीलदार मस्तूरी रमेश कुमार कमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने व कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की अनुशंसा बिलासपुर कमिश्नर से की है।

नायब तहसीलदार रमेश कुमार की पदस्थापना मस्तूरी तहसील में है। उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। नायब तहसीलदार अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ कार्यालय में मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वह किसानों की समस्या पूछ कर उसे सुलझाते हैं। किसानों से बातचीत कर हुए समस्या का समाधान करते हुए दिखाई भी दे रहे हैं। इसी बीच नायब तहसीलदार रमेश कुमार किसानों को एक अंग्रेजी शराब लाने के लिए कहते हैं। बाद में वे किसानों से ही अंग्रेजी शराब की कीमत भी पूछते हैं। इसी बीच किसान को शराब लेने के लिए बाहर भी भेज देते हैं। पूरे वीडियो में नायब तहसीलदार का चेहरा स्पष्ट दिखाई देता है साथ ही एक महिला किसान तहसीलदार के डायस की ओर जाती हुई दिखाई दे रही है। अब यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इसी शिकायत किसी ने उच्च अधिकारियों से नहीं की है।

चार दिन पहले हवलदार का वीडियो हुआ था वायरल

गौरतलब है कि चार दिन पहले चकरभाटा थाना क्षेत्र में पदस्थ एक हवलदार का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें हवलदार मारपीट के मामले में आरोपी को जमानत देने के लिए रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो वायरल होते ही एसपी पारुल माथुर ने हवलदार को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए हैं।