Tuesday, April 14, 2026
Home Breaking अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 54 किलो गांजा जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 54 किलो गांजा जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

12

The Duniyadari: जगदलपुर-  बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गोयल धर्मशाला में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 54 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 26 लाख 97 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गोयल धर्मशाला में ठहरे हुए हैं और गांजा तस्करी की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर बोधघाट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास और देशराज कुशवाहा, उत्तर प्रदेश के पंकज उपरेती तथा सुकमा जिले के राम सिंह और दुबराज कश्यप शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सुकमा निवासी आरोपी मध्यस्थ की भूमिका निभाते थे। वे ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा लाकर जगदलपुर पहुंचाते थे, जहां से गिरोह के अन्य सदस्य इसे अलग-अलग राज्यों में खपाने की योजना बनाते थे।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।