Saturday, April 25, 2026
Home Breaking अंधविश्वास ने ली जान: बच्चों की बीमारी के शक में युवक ने...

अंधविश्वास ने ली जान: बच्चों की बीमारी के शक में युवक ने बुजुर्ग महिला को उतारा मौत के घाट

28

The Duniyadari: जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास ने एक वृद्ध महिला की जान ले ली। गितारीपानी गांव में शुक्रवार रात 71 वर्षीय फूलमइत बाई की एक युवक ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छंदनू राम (31 वर्ष) अपने बच्चों के बार-बार बीमार होने से परेशान था। उसे शक था कि गांव की वृद्ध महिला उस पर जादू-टोना कर रही है। इसी अंधविश्वास में उसने शुक्रवार रात महिला के घर पहुंचकर लकड़ी के डंडे से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला खाना खाकर अपने घर में सो रही थी। अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाई और आरोपी वार करता रहा। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार और एसडीओपी दिलीप कोसले के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।