Friday, April 3, 2026
Home Breaking अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, कई स्थानों पर शासकीय भूमि कराई गई मुक्त

अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, कई स्थानों पर शासकीय भूमि कराई गई मुक्त

11

The Duniyadari: रायगढ़। जिले में शासकीय जमीन पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को तहसील रायगढ़ और पुसौर क्षेत्र में राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध कब्जों को हटाते हुए बेदखली की कार्रवाई की गई।

नगर निगम सीमा से लगे ग्राम बड़े रामपुर में शासकीय भूमि पर संचालित एक अवैध फैब्रिकेशन दुकान को हटाया गया। करीब 07 डिसमिल जमीन पर किए गए कब्जे को ध्वस्त करते हुए मुख्य सड़क से लगी लगभग 10 डिसमिल भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

इसी तरह ग्राम सांगीतराई में नागरिकों की शिकायत पर खसरा नंबर 382 की 0.243 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अनुभव बिल्डर्स द्वारा बनाई जा रही अवैध बाउंड्रीवाल को प्रशासन ने गिरा दिया और भूमि को कब्जामुक्त किया गया।

तहसील पुसौर के ग्राम छातामुड़ा में भूमिस्वामी ओंकार सिंह बग्गा द्वारा शासकीय भूमि पर सड़क बनाकर कॉलोनाइजेशन की तैयारी की जा रही थी। खसरा नंबर 252 की लगभग 2400 वर्गफुट भूमि पर किए गए इस अतिक्रमण से प्राकृतिक नाले का बहाव भी प्रभावित हो रहा था। राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध सड़क को हटाया और नाले का प्रवाह पुनः बहाल कराया।

वहीं ग्राम लोहरसिंग में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी शासकीय भूमि पर प्रीकास्ट वॉल खड़ी कर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस अतिक्रमण को भी हटाकर भूमि को सुरक्षित किया।

राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।