Friday, April 24, 2026
Home Breaking महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या की कोशिश, अस्पताल में बवाल —...

महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या की कोशिश, अस्पताल में बवाल — हालत नाजुक

34

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी के संतोषी नगर में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। गंभीर हालत में महिला को तत्काल नवकार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान यास्मीन परवीन के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे बेटे हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, वहीं मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक महिला के गले में फांसी के निशान पाए गए हैं, वहीं शरीर पर चोट के भी निशान मिलने की बात सामने आई है। इससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि महिला ने यह कदम खुद उठाया या उस पर किसी तरह का दबाव बनाया गया।

घटना के बाद अफवाह फैल गई कि महिला की मौत हो चुकी है, जिससे अस्पताल परिसर में अचानक अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही विनय बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

इस दौरान महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर झूमाझटकी हुई। अस्पताल परिसर में करीब 100 से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर स्थिति को संभाला और भीड़ को हटाया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे आत्महत्या का प्रयास है या फिर प्रताड़ना से जुड़ा कोई गंभीर मामला। महिला की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।