The Duniyadari: बलौदाबाजार- जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर खनिज विभाग लगातार कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने में जुटा हुआ है। बीते लगभग डेढ़ माह के दौरान जिले में कुल 204 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें करीब 58 लाख रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित किया गया है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विशेष अभियान चलाकर अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध उत्खनन के 141 और अवैध परिवहन के 63 प्रकरण दर्ज किए गए। अवैध उत्खनन के मामलों में सबसे अधिक 138 प्रकरण ईंट निर्माण से जुड़े पाए गए, जबकि रेत का 1 और मुरूम के 2 मामले सामने आए हैं।
वहीं अवैध परिवहन के मामलों में रेत के 55, चूनापत्थर के 6 और ईंट के 2 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1) और 23(ख) के साथ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा छत्तीसगढ़ खनिज (उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के नियम 4(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
खनिज विभाग ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर आगे भी लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















