The Duniyadari: गरियाबंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला जिले के कोसमी गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मैनपुर थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी देखते ही वहां मौजूद लोगों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में तीनों जवान घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। एक पुलिसकर्मी की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे रायपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मैनपुर थाना पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।















