Saturday, May 2, 2026
Home Breaking 108 दिनों से प्रदर्शन कर रहे CAF वेटिंग उम्मीदवार, गृहमंत्री से मिलने...

108 दिनों से प्रदर्शन कर रहे CAF वेटिंग उम्मीदवार, गृहमंत्री से मिलने पहुंचे तीन अभ्यर्थी गिरफ्तार

28

The Duniyadari: रायपुर में छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स (CAF) के वेटिंग कैंडिडेट्स पिछले 108 दिनों से नौकरी की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को तीन अभ्यर्थी गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात करने उनके निवास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ और नारेबाजी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तारी के बाद अन्य उम्मीदवारों ने पुलिस कार्रवाई को गलत बताया है। उनका कहना है कि तीनों अभ्यर्थी केवल गृहमंत्री से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें झूठे आरोपों में फंसा दिया गया। कैंडिडेट्स का आरोप है कि सरकार आंदोलन खत्म करवाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि उन्होंने साफ कहा है कि मांग पूरी होने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने इससे पहले विभिन्न मंत्रियों को खून से पत्र लिखकर भी अपनी मांग रखी थी। उनका आरोप है कि गृहमंत्री के अधिकारी उन्हें मंत्री से मिलने नहीं दे रहे हैं। अभ्यर्थियों के अनुसार, पहली मुलाकात में गृहमंत्री ने कोर्ट जाने की सलाह दी थी, जबकि दूसरी बार उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा करने का आश्वासन दिया था। तीसरी मुलाकात में उन्होंने बताया था कि अभी मुख्यमंत्री से बात नहीं हो पाई है।

कैंडिडेट्स का कहना है कि विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी उनकी मांग को उचित बताया है और समर्थन में पत्र भी लिखा है, लेकिन गृहमंत्री की ओर से अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है।