Thursday, July 9, 2026
Home Breaking अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, महिला के पति ने...

अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, महिला के पति ने टंगिया से किया जानलेवा हमला

4

The Duniyadari: धमतरी- जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बाजार कुर्रीडीह में बुधवार रात एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला से कथित संबंधों के शक में उसके पति ने धारदार हथियार से हमला कर युवक की जान ले ली।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी एक स्थानीय महिला से मोबाइल फोन के माध्यम से पहचान हुई थी, जो समय के साथ गहरी दोस्ती में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, युवक बुधवार को महिला से मिलने धमतरी पहुंचा था। देर रात वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति वहां पहुंच गया और दोनों को साथ देखकर गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने टंगिया से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।