Thursday, July 9, 2026
Home Breaking इजरायल केयरगिवर भर्ती पर उठे सवाल, राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट

इजरायल केयरगिवर भर्ती पर उठे सवाल, राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट

3

The Duniyadari: Raipur – इजरायल में होम-केयरगिवर पदों पर नर्सिंग योग्यताधारी अभ्यर्थियों की भर्ती को लेकर उठे विवाद ने अब राजभवन का ध्यान भी आकर्षित किया है। नर्सिंग पेशे से जुड़े कार्यों के बजाय घरेलू जिम्मेदारियां सौंपे जाने और अभ्यर्थियों की सुरक्षा को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने चिकित्सा शिक्षा विभाग से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

यह मामला प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर सामने आया। राज्यपाल सचिवालय ने आवेदन को चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेजते हुए आवश्यक परीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग ने भी इस संबंध में आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा को जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि भर्ती विज्ञापन में जीएनएम, बीएससी नर्सिंग और अन्य नर्सिंग डिग्रीधारी अभ्यर्थियों को पात्र बनाया गया है, जबकि कार्यों में मरीज की देखभाल के अलावा खाना बनाना, सफाई करना, कपड़े धोना और अन्य घरेलू कार्य भी शामिल हैं। इसे नर्सिंग पेशे की गरिमा और पेशेवर दायित्वों के विपरीत बताया गया है।

साथ ही इजरायल की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा, बीमा, कानूनी संरक्षण, शिकायत निवारण व्यवस्था और आपातकालीन सहायता जैसे मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की गई है। आवेदन में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा, नर्सिंग पेशे से असंबंधित कार्यों को हटाने तथा भारतीय एवं राज्य नर्सिंग परिषद से परामर्श लेकर उचित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है।

अब चिकित्सा शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी। भर्ती प्रक्रिया और नर्सिंग पेशे से जुड़े मानकों को लेकर यह मुद्दा आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।