The Duniyadari: Raipur– राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध का एक मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवती की निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर संपर्क कर पीड़िता की पुत्री की निजी तस्वीरें अपने कब्जे में ले लीं। इसके बाद उन्हीं तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और वायरल करने की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाने लगा। घटना से परिवार भय और तनाव में था।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर तकनीकों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपी की पहचान 21 वर्षीय सोहेब सिद्दीकी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस अब जब्त मोबाइल की फॉरेंसिक जांच करा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने इस तरह की वारदात किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी की है या किसी बड़े नेटवर्क से उसका संबंध है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सतर्कता के साथ करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी, ब्लैकमेलिंग या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।















