Wednesday, November 4, 2026
Home छत्तीसगढ़ इटवारी बाजार में शव मिलने से सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच

इटवारी बाजार में शव मिलने से सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच

120

The Duniyadari : रायगढ़: इतवारी बाजार के ऑक्सीजोन गार्ड रूम में आज दोपहर एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की जानकारी पुलिस को प्राप्त हुई। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष अनुमानित है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट या हिंसात्मक हमले के निशान नहीं पाए गए, इसलिए फिलहाल हत्या की आशंका कम बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतक की पहचान करने और उसके परिवार या परिजनों तक पहुंचने का प्रयास शुरू कर दिया है। शव को केजीएच के मरच्युरी रूम में रखा गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मृत्यु के कारण का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने मृतक का फोटो स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप्स में साझा किया है और लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उसकी पहचान हो तो तुरंत जानकारी दें।

एसआई ने बताया कि इलाके में पूछताछ जारी है और आसपास के दुकानदारों व सुरक्षा गार्ड्स से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल किसी आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि की जाएगी।