इश्क बना खून की वजह: इंस्टाग्राम से शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत

29

The Duniyadari: बिलासपुर। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती ने एक युवक की जान ले ली। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवती ने अपने प्रेमी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा निवासी 25 वर्षीय कामता प्रसाद सूर्यवंशी सिविल लाइन इलाके के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। वह उसलापुर स्थित एक होटल में काम करता था। कुछ समय पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए सीपत क्षेत्र के ग्राम झलमला की रहने वाली 22 वर्षीय रोशनी सूर्यवंशी से हुई थी। बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के रिश्ते में तनाव आ गया। इसके बाद युवक ने युवती को मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज होकर युवती मंगलवार सुबह चाकू लेकर उसके कमरे पर पहुंच गई। दरवाजा खुलते ही दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।

पुलिस का कहना है कि युवती को शक था कि युवक उससे दूरी बनाकर किसी और से संपर्क में है। इसी गुस्से और शक के चलते विवाद के दौरान उसने युवक के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।