The Duniyadari: Gariyaband- जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले खतरनाक स्तर पर बह रहे हैं। इसी बीच फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सरगी नाला में तेज बहाव के बीच एक ग्रामीण के बह जाने से उसकी मौत हो गई। काफी तलाश के बाद उसका शव घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सहसपुर निवासी 55 वर्षीय थनवार यादव के रूप में हुई है। वह सुबह अपने एक परिचित के साथ धूर्सा गांव आया था। लौटते समय सरगी नाला का जलस्तर लगातार बढ़ चुका था और पानी का बहाव काफी तेज था।
मौके पर मौजूद लोगों और उसके साथी ने नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उसने जोखिम उठाते हुए पानी में उतरने का फैसला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वह तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचा, पानी की धार उसे अपने साथ बहाकर ले गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तलाश अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद ग्रामीण का शव घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों और जलमग्न रास्तों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।














