Monday, May 18, 2026
Home छत्तीसगढ़ एनएसयूआई नगर अध्यक्ष समेत 5 गिरफ्तार, डकैती की साजिश में पकड़े गए...

एनएसयूआई नगर अध्यक्ष समेत 5 गिरफ्तार, डकैती की साजिश में पकड़े गए हथियारबंद आरोपी

134

The Duniyadari : जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस ने डकैती की साजिश रचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें जांजगीर एनएसयूआई नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, दो लोहे के सब्बल और एक बाइक जब्त की है।

घटना 5 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पेंड्री रोड स्थित श्याम सुपर मार्केट के मालिक राहुल अग्रवाल ने दुकान का शटर तोड़ने की आवाज सुनी तो अपने पिता के साथ बाहर निकले। उन्होंने देखा कि तीन नकाबपोश युवक दुकान में सेंधमारी की कोशिश कर रहे हैं। शोर मचाने पर आरोपी भागने लगे, तभी पुलिस को सूचना दी गई। गश्त पर निकली टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को धर दबोचा।

एसडीओपी योगिता खापर्डे ने बताया कि पुलिस ने मनीष बनवा, चैतन्य दिनकर, हितेश दिनकर, जितेंद्र दिनकर और तरुण सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जितेंद्र दिनकर ने ही पिस्टल और कारतूस मुहैया कराए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों पर BNS की धारा 331(4), 305(a), 310(4), 3(5), 312, 296, 351 और आर्म्स एक्ट 25 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस पूरे मामले पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा —

“जांजगीर ही नहीं, पूरे प्रदेश में जहां भी अपराध हुए हैं, वहां कांग्रेस के लोगों की संलिप्तता सामने आई है। एक विधायक का रेत माफिया से वसूली का ऑडियो वायरल हुआ, दूसरा विधायक बलौदाबाजार आगजनी कांड में शामिल रहा और तीसरा शराब घोटाले में जेल में है। कांग्रेस अब राजनीति नहीं, अपराध की पटकथा लिख रही है।”

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई चैन की जांच में जुटी है।