Sunday, April 26, 2026
Home Breaking एसी फेल होने से समर स्पेशल ट्रेन में हंगामा, 8 घंटे गर्मी...

एसी फेल होने से समर स्पेशल ट्रेन में हंगामा, 8 घंटे गर्मी में जूझे यात्री; बिलासपुर में चेन पुलिंग

3

The Duniyadari: बिलासपुर में शनिवार को रक्सौल समर स्पेशल ट्रेन के यात्रियों को उस वक्त भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब सफर के दौरान एसी कोचों का कूलिंग सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया।

सुबह गोंदिया से रवाना हुई ट्रेन के बी1 और बी2 कोच में एसी बंद होने से यात्रियों को भीषण गर्मी और घुटन के बीच लंबा सफर तय करना पड़ा।

रास्ते में डोंगरगढ़, राजनांदगांव और दुर्ग स्टेशनों पर यात्रियों ने कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार उन्हें जल्द सुधार का भरोसा देकर आगे बढ़ा दिया गया। दोपहर करीब 2:40 बजे जब ट्रेन बिलासपुर पहुंची, तो हालात बिगड़ गए। परेशान यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर उतरकर विरोध करने लगे और जमकर नाराजगी जताई।

इस दौरान कोचों में पानी की कमी को लेकर भी यात्रियों ने सवाल उठाए। पानी भरने के बाद जब ट्रेन आगे बढ़ने लगी, तो गुस्साए यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया।

सूचना मिलने पर आरपीएफ और रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने की कोशिश की।

जांच में सामने आया कि कोच की बैटरियां पूरी तरह डिस्चार्ज हो चुकी थीं, जिसके चलते एसी सिस्टम काम नहीं कर रहा था।

बाद में मैकेनिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर डायरेक्ट करंट से बैटरियों को चार्ज किया, जिससे एसी फिर से चालू हो सका।

हालांकि, यात्री केवल तकनीकी सुधार से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने लिखित आश्वासन और यात्रा के दौरान मैकेनिक साथ भेजने की मांग रखी।

काफी देर तक चले विवाद के बाद रेलवे प्रशासन को झुकना पड़ा और दो मैकेनिकों को ट्रेन के साथ भेजा गया, तब जाकर मामला शांत हुआ।

इस पूरे घटनाक्रम के चलते ट्रेन की देरी और बढ़ गई। पहले से करीब 3 घंटे लेट चल रही ट्रेन बिलासपुर से शाम 4:30 बजे रवाना हो सकी, जिससे कुल देरी बढ़कर लगभग 5 घंटे हो गई।