ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

7

The Duniyadari: रायगढ़, 17 फरवरी। जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापा मारा। सूचना मिली थी कि वहां मोबाइल फोन के जरिए चल रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। घेराबंदी के बाद मौके से विकास अग्रवाल और विनय अग्रवाल को रंगे हाथ पकड़ा गया, जो फैक्ट्री के एक कमरे में बैठकर मोबाइल के माध्यम से सट्टा चला रहे थे।

पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों विनय अग्रवाल और गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक आईफोन और एक वनप्लस मोबाइल जब्त किया, जिनका इस्तेमाल सट्टा संचालन और संपर्क के लिए किया जा रहा था। साथ ही ₹2000 नकद भी बरामद हुए। सह आरोपी विनय अग्रवाल के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल मिला, जिसमें सट्टेबाजी वेबसाइट सक्रिय अवस्था में पाई गई।

आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीसरा आरोपी गगन अग्रवाल फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।

इस अभियान में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नसिर खान और थाना चक्रधरनगर प्रभारी उप निरीक्षक गेंद लाल साहू समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ₹2000 नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹82,000 बताई जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऑनलाइन सट्टा और जुए जैसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।