Tuesday, May 5, 2026
Home Breaking ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 45 लाख की ठगी, निर्मला सीतारमण-सचिन तेंदुलकर...

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 45 लाख की ठगी, निर्मला सीतारमण-सचिन तेंदुलकर के फर्जी वीडियो दिखाकर फंसाया, रिटायर्ड BSP कर्मी बना शिकार

9

The Duniyadari: भिलाई-  हुडको भिलाई निवासी रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी जयंत बागची से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 45 लाख 18 हजार 998 रुपये की ठगी हो गई।

ठगों ने फेसबुक पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति के डीपफेक वीडियो दिखाकर उन्हें झांसे में लिया। भिलाई नगर पुलिस ने धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित जयंत बागची बीएसपी से रिटायर हैं और भारतीय सेना में भी सेवा दे चुके हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2026 को फेसबुक स्क्रॉल करते समय उन्हें एक वीडियो दिखा। इसमें निर्मला सीतारमण, सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति निवेश के फायदे बता रहे थे। वीडियो से प्रभावित होकर उन्होंने लिंक पर रजिस्ट्रेशन कर दिया।

रजिस्ट्रेशन के बाद कृतिका नाम की महिला ने कॉल कर 18,999 रुपये पंजीयन शुल्क मांगा। नेट बैंकिंग से पैसे भेजने पर दो दिन बाद कृतिका ने अकाउंट मैनेजर सिद्धार्थ विपुल से व्हाट्सएप कॉल पर बात कराई। सिद्धार्थ ने दावा किया कि उनकी कंपनी UK, USA, जापान और ऑस्ट्रेलिया में ऑनलाइन ट्रेडिंग करती है।

इसके बाद जयंत अलग-अलग तारीखों में पैसे भेजते रहे। 26 मार्च को सिद्धार्थ ने करण तनेजा नाम के व्यक्ति से बात कराई। करण ने कहा कि ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध के चलते सोने के दाम गिरे हैं, अब निवेश करने पर भारी मुनाफा होगा। इस पर पीड़ित ने 27 मार्च को RTGS से 25 लाख रुपये भेज दिए।

विश्वास जीतने के लिए ठगों ने जयंत के खाते में एक बार 9,229 रुपये और एक बार 2 लाख रुपये वापस भी डाले। इसके बाद ऑयल ट्रेडिंग समेत अन्य सेक्टरों में निवेश के नाम पर कुल 45 लाख 18 हजार 999 रुपये ले लिए।

जब रकम वापस मांगने पर टालमटोल होने लगी तो जयंत को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फर्जी वीडियो और लालच में आकर ऑनलाइन निवेश न करें।