The Duniyadari : बिलासपुर। छुट्टियां मनाने ओडिशा गए बिलासपुर के एक युवक की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। तीन दोस्तों में से दो को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, लेकिन तीसरे की लहरों में समा जाने से जान चली गई। तीन दिन की तलाश के बाद युवक का शव समुद्र से बरामद किया गया। यह घटना जगन्नाथपुरी की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा निवासी लक्की सोनी अपने दोस्तों सक्षम चौहान और ओम सिंदे के साथ 8 अक्टूबर को पुरी के लिए रवाना हुआ था। अगले दिन तीनों समुद्र तट पर नहाने पहुंचे। उसी दौरान तेज लहरें उठीं और तीनों पानी में बहने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सक्षम और ओम को बाहर निकाल लिया, मगर लक्की लहरों की गहराई में गायब हो गया।
स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब दो दिन की मेहनत के बाद तीसरे दिन लक्की का शव समुद्र से निकाला गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
11 अक्टूबर को परिजन पुरी पहुंचकर अंतिम संस्कार कर बिलासपुर लौट आए। वहीं, पुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के समय की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।