Thursday, August 13, 2026
Home Breaking काम दिलाने के नाम पर दिल्ली ले जाई गईं तीन नाबालिग, मानव...

काम दिलाने के नाम पर दिल्ली ले जाई गईं तीन नाबालिग, मानव तस्करी की आशंका से मचा हड़कंप

51
Oplus_16908288

The Duniyadari: मनेन्द्रगढ़- जिले में तीन नाबालिग लड़कियों को रोजगार दिलाने का झांसा देकर दिल्ली ले जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लड़कियों और उनके परिजनों ने आशंका जताई है कि उन्हें किसी गलत मंशा से बाहर ले जाया गया था। हालांकि तीनों किशोरियां समय रहते वहां से निकलने में सफल रहीं और सुरक्षित वापस मनेन्द्रगढ़ लौट आईं।

जानकारी के मुताबिक, अमाखेरवा क्षेत्र के एक व्यक्ति ने लड़कियों को काम दिलाने का भरोसा दिलाकर दिल्ली ले जाने की व्यवस्था की थी। परिजनों का आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद लड़कियों को वहां का माहौल संदिग्ध लगा। आसपास के लोगों की गतिविधियों और परिस्थितियों को देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने वहां से भागने का फैसला किया।

किसी तरह वापस घर पहुंचने के बाद लड़कियों ने पूरी घटना अपने परिवार को बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की और आरोप लगाया कि मामले को अपेक्षित गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। परिवारों का कहना है कि यह मामला संभावित मानव तस्करी से जुड़ा हो सकता है, इसलिए इसकी गहन जांच जरूरी है।

वहीं पुलिस ने लापरवाही के आरोपों को नकारते हुए कहा है कि मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, तीनों नाबालिगों के बयान बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) और न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए जा चुके हैं। जांच के दौरान बयानों में कुछ विसंगतियां सामने आई हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अभी तक आरोपी की भूमिका और पूरे घटनाक्रम को लेकर सभी तथ्य स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मामले की हर पहलू से जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।