Friday, June 19, 2026
Home Breaking कॉलेजों में एडमिशन की शुरुआत, सीमित सीटों के चलते बढ़ी विद्यार्थियों की...

कॉलेजों में एडमिशन की शुरुआत, सीमित सीटों के चलते बढ़ी विद्यार्थियों की चिंता

3

The Duniyadari: राजनांदगांव जिले में नए शैक्षणिक सत्र के लिए महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों के कई कॉलेजों में सीटों की संख्या कम होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जिला मुख्यालय के कॉलेजों का रुख कर रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के चलते इन संस्थानों में प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है।

जिले के डोंगरगढ़, डोंगरगांव, घुमका, छुरिया, सोमनी, ठेलकाडीह, एलबी नगर और आमाटोला सहित कई क्षेत्रों में कॉलेज संचालित हैं, लेकिन प्रमुख पाठ्यक्रमों में सीमित सीटों के कारण विद्यार्थियों को प्रवेश पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि छात्र स्वशासी दिग्विजय महाविद्यालय, शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय, कमला देवी महिला महाविद्यालय और अन्य निजी कॉलेजों में आवेदन कर रहे हैं।

उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जुलाई के पहले सप्ताह में जारी की जाएगी। स्वशासी दिग्विजय महाविद्यालय में आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश प्रक्रिया जून के अंतिम सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। कॉलेज प्रबंधन पहली चयन सूची 23-24 जून के दौरान जारी करने की तैयारी में है।

सीटों की बात करें तो दिग्विजय महाविद्यालय में बी.कॉम के लिए 500, बीएससी मैथ्स में 300, बीएससी बायो में 500, बीए में 550 तथा बीसीए में 60 सीटें उपलब्ध हैं। सीमित सीटों और बढ़ती मांग के बीच इस वर्ष भी प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।