कोरबा–चांपा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: रॉन्ग साइड ट्रेलर से टकराया प्याज लदा वाहन, चालक की मौत

33

The Duniyadari: कोरबा। कोरबा–चांपा मुख्य सड़क पर पताढ़ी के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। कोरबा की ओर से गलत दिशा में आ रहे एक ट्रेलर की चांपा की तरफ से जा रहे प्याज से भरे वाहन से आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि प्याज वाहन का चालक केबिन में फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही टोल नाका की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। वहीं ट्रेलर का दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए कोरबा–चांपा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और बाद में आवागमन बहाल कराया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों वाहनों की गति काफी तेज थी और एक वाहन गलत दिशा में चल रहा था, जिससे यह टक्कर हुई।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक का इलाज जारी है, जबकि मृत चालक के वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।