Saturday, March 21, 2026
Home कोरबा कोरबा: दादरखुर्द रोड पर सूने घर में सेंधमारी, लाखों के जेवर लेकर...

कोरबा: दादरखुर्द रोड पर सूने घर में सेंधमारी, लाखों के जेवर लेकर फरार हुए चोर

36
Screenshot

The Duniyadari: कोरबा, 7 फरवरी। शहर के मानिकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक खाली पड़े मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश खिड़की तोड़कर घर के भीतर घुसे और अलमारी से लाखों रुपये के आभूषण समेटकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मकान के मालिक एसईसीएल से जुड़े कर्मचारी हैं, जबकि घर में एक बैंक अधिकारी अपने परिवार के साथ किराए से रह रहे थे। घटना के समय परिवार शहर से बाहर गया हुआ था। देर रात लौटने पर घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला और एक कमरे की खिड़की टूटी हुई दिखी। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में सामने आया कि चोरों ने नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान को हाथ नहीं लगाया, बल्कि सीधे अलमारी में रखे सोने के जेवरों को निशाना बनाया। चोरी गए गहनों में चेन, अंगूठियां और अन्य आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं।

जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली गई। खोजी कुत्ता घटनास्थल से कुछ दूरी तक सुराग लेकर गया, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में पड़ताल तेज कर दी है। साथ ही, क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।