The Duniyadari: KORBA जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने एक साल पहले हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। अधिवक्ता के घर हुई इस वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती की है, जहां 19 अप्रैल 2025 को अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया था। चोर घर से करीब 10 तोला सोना, चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए थे। वारदात को अंजाम देने में मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अमित खांडे और गौतम कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, दो चांदी की पायल और करीब 3 हजार रुपये नकद समेत कुल लगभग 8 लाख रुपये का माल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि घर छोड़ते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, CCTV कैमरे सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।















