Friday, May 1, 2026
Home Breaking 1 मई से कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत बरकरार

1 मई से कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत बरकरार

11

The Duniyadari: दिल्ली/रायपुर-  महीने की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों पर महंगाई की मार पड़ी है। 1 मई से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 993 से 994 रुपये तक की बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बढ़ोतरी का असर देश के लगभग सभी बड़े शहरों में देखने को मिल रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर करीब 3071.50 रुपये हो गई है, जो पहले 2078.50 रुपये थी। इसी तरह मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, जयपुर, लखनऊ, पटना और अन्य शहरों में भी कीमतों में लगभग एक समान उछाल दर्ज किया गया है। कई जगहों पर कमर्शियल सिलेंडर अब 3200 से 3300 रुपये के पार पहुंच चुका है।

दूसरी ओर, घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। अलग-अलग शहरों में घरेलू सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही स्थिर बनी हुई हैं और इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इसी के साथ तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए नया नियम लागू किया है। अब सिलेंडर की डिलीवरी के समय उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। यह ओटीपी दिखाने के बाद ही डिलीवरी पूरी मानी जाएगी। अगर किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो डिलीवरी कर्मी मौके पर ही उसे अपडेट कर सकेगा।

इस नई व्यवस्था का उद्देश्य फर्जी बुकिंग और गलत डिलीवरी की शिकायतों पर रोक लगाना है, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा मिल सके।