Sunday, July 5, 2026
Home Breaking कोरबा में अनोखी चोरी: दीवार तोड़कर 30 बकरियां ले उड़े बदमाश, लाखों...

कोरबा में अनोखी चोरी: दीवार तोड़कर 30 बकरियां ले उड़े बदमाश, लाखों का नुकसान

9

The Duniyadari: कोरबा- जिले के कटघोरा क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। यहां बदमाशों ने घर में घुसकर नकदी या जेवरात पर हाथ साफ करने के बजाय दर्जनों बकरियां चुरा लीं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और हैरानी का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा विकासखंड के ग्राम सिंधिया निवासी रामायण यादव के घर को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने मकान के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बाड़े में बंधी बकरियों को एक-एक कर बाहर निकालकर फरार हो गए।

सुबह जब परिवार की नींद खुली तो बाड़ा खाली मिला। पीछे की दीवार टूटी हुई देखकर चोरी का पता चला। पीड़ित परिवार ने बताया कि करीब 25 से 30 बकरियां गायब हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की चोरी का मामला पहली बार सामने आया है। इससे ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दीवार टूटने के स्थान और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पहली नजर में यह वारदात सुनियोजित लग रही है। इतनी अधिक बकरियों को एक साथ ले जाने में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।