The Duniyadari: झूला, छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत, नृत्य और खेल प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
कोरबा। छत्तीसगढ़ निषाद (केवट) समाज जिला कोरबा के महिला प्रकोष्ठ के नेतृत्व में रविवार, 6 सितंबर 2026 को हरियाली तीज उत्सव का आयोजन उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं, पदाधिकारियों और सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजन में आस्था के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत तथा समाज के वरिष्ठ संरक्षक श्री अमरनाथ कैवर्त सहित समाज के विभिन्न पदाधिकारी और मातृशक्ति मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई।
महिला अध्यक्ष श्रीमती पूनम कैवर्त ने तीज पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हरियाली तीज प्रेम, आस्था, भक्ति और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा पर्व है। उन्होंने पर्व को समाज की महिलाओं के लिए आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर बताया।
झूले और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई रौनक
हरियाली तीज के मौके पर महिलाओं और बच्चों के लिए झूले की विशेष व्यवस्था की गई। प्रतिभागियों ने झूले का आनंद लेने के साथ कार्यक्रम की यादों को तस्वीरों में भी संजोया।
समारोह में महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य से कार्यक्रम स्थल का माहौल उत्सवमय बना रहा।
खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। समाज की मातृशक्ति ने उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को जिला समिति की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में शामिल मातृशक्ति को श्रृंगार किट भी प्रदान की गई।
अमृता निषाद और ममता कटकवार ने संभाली मंच की जिम्मेदारी
समारोह का मंच संचालन श्रीमती अमृता निषाद एवं श्रीमती ममता कटकवार ने किया। दोनों ने कार्यक्रम को रोचक और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया। आयोजन जिला अध्यक्ष श्री ललित कैवर्त के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने समाज की सभी माताओं और बहनों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में श्रीमती कुसुम लता कैवर्त, गौरी केवट, माधुरी कैवर्त, प्रेरणा कैवर्त, रेनू कैवर्त, तुलसी केवट, सविता केवट, मीना कैवर्त, मंजुला कैवर्त, सीता केवट, संतोषी कैवर्त, पूर्व अध्यक्ष श्री अजित कैवर्त, महासचिव श्री किशन केवट, कोषाध्यक्ष श्री संतोष केवट, युवा अध्यक्ष श्री जितेंद्र कैवर्त, दिनेश कैवर्त, राकेश कुमार कैवर्त, रजनीश निषाद, संरक्षक एस.एस. कटकवार, सेवकराम कैवर्त, रवि कैवर्त, रामकुमार निषाद, प्रसाद कैवर्त, खीखराम कैवर्त, प्रह्लाद केवट, सरवन केवट, जयराम कैवर्त, प्रकाश कैवर्त, रामभरोस कैवर्त, बिहारी लाल कैवर्त, देवनाथ कैवर्त, संतोष कैवर्त, मुखी केवट सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, महिलाएं और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए समाज के सभी सदस्यों, मातृशक्ति, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

























