कोरबा में पाली महोत्सव 2026 का भव्य आगाज, भक्ति और संगीत में झूमे हजारों लोग

4

The Duniyadari: कोरबा, 16 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ऐतिहासिक पाली शिव मंदिर के सानिध्य में आयोजित पाली महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक रंगों के साथ हुआ। महोत्सव में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने भजन और बॉलीवुड गीतों का आनंद लेते हुए उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

महोत्सव की सबसे यादगार प्रस्तुति महाशिव भक्त गायक हंसराज रघुवंशी की रही। उन्होंने अपने लोकप्रिय भजनों “मेरा भोला है भंडारी” और “ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने” की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी मधुर आवाज पर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए और पूरा परिसर शिव भक्ति में सराबोर नजर आया।

भक्ति के साथ-साथ कार्यक्रम में बॉलीवुड संगीत का भी जबरदस्त तड़का लगा। मशहूर गायक सलमान अली ने “देवा श्री गणेशा”, “तेरी दीवानी”, “रश्के कमर” और “कजरा मोहब्बत वाला” जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक झूम उठे। वहीं मीत ब्रदर्स और खुशबू ग्रेवाल ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

महोत्सव में पहली बार पहुंचे राष्ट्रीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की बोली, संस्कृति और लोगों की आत्मीयता की खुलकर सराहना की। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि यहां का अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा।

राष्ट्रीय कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों ने भी पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। स्थानीय प्रस्तुतियों ने दर्शकों में खास उत्साह भरा और पूरे महोत्सव स्थल को क्षेत्रीय गौरव के रंग में रंग दिया।