Wednesday, April 1, 2026
Home Breaking कोरबा में बागेश्वर धाम कथा: 583 लोगों की ‘घर वापसी’ का दावा,...

कोरबा में बागेश्वर धाम कथा: 583 लोगों की ‘घर वापसी’ का दावा, मुस्लिम परिवार ने भी अपनाया सनातन धर्म

11

The Duniyadari: कोरबा जिले के ढपढप क्षेत्र में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा के दौरान बड़ा धार्मिक आयोजन देखने को मिला। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में हजारों श्रद्धालु पहुंचे, जहां आयोजकों ने 583 लोगों की ‘घर वापसी’ का दावा किया। इनमें एक मुस्लिम परिवार भी शामिल बताया गया, जिसने सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की।

कथा के चौथे दिन भारी जनसैलाब उमड़ा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। दरबार के दौरान कई महिला-पुरुष भक्ति में झूमते नजर आए, वहीं कुछ लोगों ने असामान्य व्यवहार भी किया। दावा किया गया कि भूत-प्रेत बाधा से पीड़ित लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया और पर्चा लिखकर मार्गदर्शन दिया गया।

दरबार को संबोधित करते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने धर्मांतरण कराने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे हिंदुओं को न कटने देंगे, न बंटने देंगे और न मिटने देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि लालच में धर्म बदलने वाले कई लोग अब वापस सनातन धर्म की ओर लौट रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब पाली मुनगाडीह से पैदल पहुंचे एक बुजुर्ग ने अपनी आर्थिक परेशानी बताई। इस पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता दी और मौजूद जनप्रतिनिधियों व यजमानों से मदद करने की अपील की। इसके बाद कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि बुजुर्ग को दी गई। साथ ही उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए टीम के वाहन की व्यवस्था भी की गई।

कथा स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ और धार्मिक उत्साह ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक माहौल में बदल दिया।