Tuesday, May 5, 2026
Home Breaking कोरबा में ‘सुशासन तिहार 2026’ पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, प्रभारी सचिव डॉ....

कोरबा में ‘सुशासन तिहार 2026’ पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने दिए निर्देश- एक गांव को बनाएंगे सौर ऊर्जा मॉडल विलेज

11

The Duniyadari: KORBA– ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ऊर्जा एवं जनसंपर्क सचिव तथा जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले की प्रशासनिक प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कामकाज की विस्तार से समीक्षा की गई।

प्रभारी सचिव ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण, स्वामित्व योजना, पेट्रोल-डीजल-LPG उपलब्धता, पीएम आवास, पीएम सूर्यघर, पीएम जनमन, पीएमजीएसवाई, पेयजल, तेंदूपत्ता, उज्ज्वला, धान उठाव, बिहान, DMF, महतारी वंदन, कुपोषण, स्वास्थ्य-शिक्षा, ई-ऑफिस, अटल डिजिटल सेवा, खाद-बीज वितरण, पीएम किसान, सड़क सुरक्षा समेत कई बिंदुओं पर विभागवार जानकारी ली।

डॉ. यादव ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि पीएम सूर्यघर योजना से ज्यादा से ज्यादा हितग्राहियों को जोड़ा जाए। PVTG परिवारों को प्राथमिकता पर लाभ दें। उन्होंने कहा कि एक गांव चुनकर उसे पूरी तरह सौर ऊर्जा आधारित मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए निर्माण पोर्टल तैयार किया गया है। जिले के सभी ब्लॉकों में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं।

राजस्व विभाग ने बताया कि 9.57 लाख खसरों में से 97% से ज्यादा का डिजिटल हस्ताक्षर पूरा हो चुका है। स्वामित्व योजना के 792 में से 337 गांवों के मानचित्र का अंतिम प्रकाशन हो गया है और 12,890 अधिकार अभिलेख बांटे गए हैं। 12,611 लंबित राजस्व मामलों में से 8,683 का समय पर निपटारा किया गया।

पीएम आवास ग्रामीण में 2016 से 2026 तक स्वीकृत 1.18 लाख आवासों में से 97,588 पूरे हो चुके हैं, यानी 83% उपलब्धि। शहरी क्षेत्र में ‘मोर मकान-मोर आस’ और BLC घटक से पक्के मकान दिए जा रहे हैं।

PMGSY के तहत 2,173 किमी में से 90% से ज्यादा सड़कें बन चुकी हैं। पीएम जनमन के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों को बुनियादी सुविधाएं दी जा रही हैं। आयुष्मान भारत में 11 लाख से अधिक कार्ड बने हैं। संस्थागत प्रसव शत-प्रतिशत है और बच्चों का टीकाकरण 98.93% तक पहुंच गया है। बिहान से 12,433 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और ‘लखपति दीदी’ अभियान चल रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि सभी योजनाएं समयसीमा में पूरी हों और नागरिकों की समस्या का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने बताया कि जल्द ही सरकारी विभागों में प्रीपेड मीटर से बिजली बिल भुगतान की व्यवस्था लागू होगी। स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है।

बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, DFO कुमार निशांत, प्रेमलता यादव, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत CEO दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, प्रशिक्षु IAS डॉ. तरुण किरण, SDM तन्मय खन्ना समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।