Tuesday, May 5, 2026
Home Breaking कैम्पा की 9वीं बैठक: मुख्य सचिव विकासशील ने दिए निर्देश- वन क्षेत्रों...

कैम्पा की 9वीं बैठक: मुख्य सचिव विकासशील ने दिए निर्देश- वन क्षेत्रों में पुल, सड़क, भवन को प्राथमिकता, नक्सल मुक्त इलाकों में तेज हो विकास

11
Oplus_16908288

The Duniyadari : रायपुर- छत्तीसगढ़ प्रतिकात्मक वनरोपण निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैम्पा) की नौवीं बैठक सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में 2024-25 और 2025-26 के कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को निर्देश दिया कि कैम्पा मद से वन क्षेत्रों में पुल-पुलिया, मार्ग और जरूरी भवनों के निर्माण को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त हो चुके इलाकों में अधोसंरचना के काम तेज किए जाएं ताकि शासन की पहुंच बढ़े और विकास की रफ्तार तेज हो।

बैठक में बताया गया कि 2026-27 के लिए 713.73 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भेजी जा चुकी है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि कैम्पा मद से सिंचित-असिंचित वृक्षारोपण, बांस वनों की पुनर्स्थापना, वनों का घनत्व बढ़ाने के लिए सिल्वीकल्चरल कार्य, वन्यप्राणियों के रहवास सुधार और भू-जल संरक्षण के काम कराए जा रहे हैं।

मुख्य सचिव ने मानसून से पहले वन क्षेत्रों में चल रहे वनीकरण, मृदा और जल संरक्षण के सभी जरूरी काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले काम में तेजी लाई जाए और लापरवाही न हो।

बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, पीसीसीएफ व्ही. श्रीनिवास राव, अरुण पांडे, प्रमुख सचिव कृषि शहला निगार, वित्त सचिव मुकेश बंसल के साथ राजस्व, आवास-पर्यावरण और आईटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।