Tuesday, May 5, 2026
Home Breaking स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आईं मौसी-भतीजी, अवैध क्रॉसिंग...

स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आईं मौसी-भतीजी, अवैध क्रॉसिंग करते समय गई जान; CCTV फुटेज आया सामने

13

The Duniyadari: बख्तियारपुर- दानापुर-बख्तियारपुर रेलखंड के बख्तियारपुर स्टेशन पर सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म-2 से 1 पर जाने के लिए ट्रैक पार कर रहीं दो महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रेन ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें घटना साफ दिख रही है।

फुटेज में दिख रहा है कि दो महिलाएं ट्रैक पार कर प्लेटफॉर्म-1 की तरफ बढ़ रही थीं। तभी उसी ट्रैक पर फरक्का एक्सप्रेस आ गई। कुछ समझ पातीं, इससे पहले ट्रेन दोनों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री सहम गए।

जीआरपी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के मुताबिक मृतकों की पहचान गयाजी जिले के मानपुर थाना क्षेत्र बुनियादगंज एसपी कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय इंतर देवी और अथमलगोला थाना क्षेत्र रामनगर निवासी 28 वर्षीय संगीता देवी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में मौसी-भतीजी थीं।

जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं गया से शादी समारोह से लौटकर अथमलगोला जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन से बख्तियारपुर पहुंची थीं। ट्रेन से उतरने के बाद ओवरब्रिज की बजाय अवैध क्रॉसिंग से प्लेटफॉर्म बदल रही थीं। इसी दौरान नई दिल्ली से मालदा जा रही 14004 फरक्का एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म-1 पर आ गई और हादसा हो गया।

जीआरपी ने सफाईकर्मियों की मदद से शवों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

इस घटना ने स्टेशन पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। साथ ही यह भी दिखाया कि यात्री अब भी नियम तोड़कर जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।