Friday, August 21, 2026
Home Breaking मेडिकल कॉलेज में हड़कंप, महिला वार्ड के बाथरूम की खिड़की से मरीज...

मेडिकल कॉलेज में हड़कंप, महिला वार्ड के बाथरूम की खिड़की से मरीज के पति ने लगाई छलांग

74
Oplus_16908288

The Duniyadari:*परिजन बोले- मानसिक स्थिति ठीक नहीं*

जगदलपुर– डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब महिला मेडिसिन वार्ड-1 के बाथरूम की खिड़की से एक मरीज के पति ने छलांग लगा दी। नीचे मौजूद सफाईकर्मियों ने शोर मचाकर सुरक्षाकर्मियों को बुलाया। घायल को तुरंत आपातकालीन विभाग ले जाया गया, जहां से उसे वार्ड में भर्ती कर बेहतर इलाज दिया जा रहा है।

मारडूम की रहने वाली पायके माड़वी पीलिया के चलते फीमेल मेडिसिन वार्ड-1 के बेड नंबर 18 में भर्ती हैं। सोमवार सुबह उनके पति लक्ष्मण बाथरूम गए। वहां लोहे की रॉड को मोड़कर वह खिड़की पर चढ़ गए और अचानक नीचे कूद पड़े। घटना देखकर सफाईकर्मी घबरा गए और सुरक्षा गार्डों को आवाज दी। गार्डों ने घायल को उठाकर तुरंत इमरजेंसी पहुंचाया।

सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले घायल का हाल जाना, फिर डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। सर्जरी विभाग के HOD ने भी घायल को देखकर जूनियर डॉक्टरों को ट्रीटमेंट गाइडलाइन दी।

इसके बाद डॉ. साहू ने वार्ड में जाकर उस खिड़की का निरीक्षण किया जहां से लक्ष्मण कूदे थे। उन्होंने तुरंत अधिकारियों की बैठक बुलाई और अस्पताल में टूटी-फूटी सभी खिड़कियों की मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए।

परिजनों का कहना है कि लक्ष्मण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल घायल का इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।