The Duniyadari: रायगढ़ शहर में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शहर के कार्मेल स्कूल के पास स्थित आदित्य बिजनेस पार्क कॉम्पलेक्स के सामने की है। बताया जा रहा है कि बाइक श्रीराम फाइनेंस में कार्यरत एक एजेंट की थी, जो वहां खड़ी थी। इसी दौरान अचानक बाइक से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बाइक को बचाया नहीं जा सका। कुछ ही देर में पूरी मोटरसाइकिल जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी खतरा हो गया था, लेकिन लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी गाड़ियों को समय रहते वहां से हटा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह पेट्रोल लीकेज या इंजन में तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।















