Wednesday, April 22, 2026
Home Breaking इलाज के बहाने महिला से दुष्कर्म, फरार ‘निर्मल बाबा’ गिरफ्तार

इलाज के बहाने महिला से दुष्कर्म, फरार ‘निर्मल बाबा’ गिरफ्तार

17

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले में महिला को झांसे में लेकर दुष्कर्म करने वाले कथित साधु को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था और इसी बहाने महिला को अपने जाल में फंसा लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 11 अप्रैल को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी निर्मल बाबा पामगढ़ क्षेत्र के एक गांव में पदयात्रा करते हुए पहुंचा था। वह भगवा वस्त्र पहनकर लोगों को बीमारियों से मुक्ति दिलाने और समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था। इसी दौरान पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची, जहां आरोपी ने हाथ देखकर इलाज का भरोसा दिया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

इसके बाद 26 मार्च को आरोपी ने पीड़िता को पामगढ़ बाजार में बुलाया और प्रसाद देने के बहाने अपने साथ चलने के लिए राजी कर लिया। आरोपी ने खुद को महाराष्ट्र के नासिक का निवासी बताया। झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ पहले बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची, जहां दोनों एक होटल में रुके।

पीड़िता का आरोप है कि होटल में आरोपी ने इलाज के नाम पर उसके साथ कई बार जबरदस्ती की। 1 अप्रैल को आरोपी उसे बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया। जब पीड़िता ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसके अश्लील वीडियो वायरल कर दिए।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।