The Duniyadari: सरगुजा जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान रेत माफियाओं की दबंगई सामने आई है। रायपुर से आई खनिज विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम द्वारा जब्त किए गए रेत से भरे एक टीपर को कलेक्टोरेट ले जाया जा रहा था। इसी दौरान शहर के गांधी चौक क्षेत्र में कुछ लोगों ने खनिज विभाग के आरक्षक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर दी।
हंगामे के बीच आरोपी जब्त टीपर को मौके से लेकर फरार हो गए। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस ने इस मामले में लड्डन खान, टीपर चालक सोनू, खलासी सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है और फरार वाहन को भी खोजा जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















