Thursday, July 9, 2026
Home Breaking खरीदारी के बाद विवाद, छात्रा की मौत से मचा हड़कंप; मार्ट सील...

खरीदारी के बाद विवाद, छात्रा की मौत से मचा हड़कंप; मार्ट सील कर जांच में जुटी पुलिस

7

The Duniyadari: कोरिया- बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। घटना के बाद परिजनों ने एक निजी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ खरीदारी करने मार्ट गई थी। आरोप है कि वहां दोनों पर चोरी का संदेह जताते हुए काफी देर तक रोके रखा गया। परिवार का कहना है कि उनसे सामान का विवरण लिखवाया गया और छात्रा से कथित रूप से एक लिखित बयान भी लिया गया।

मृतका के पिता, जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि मार्ट प्रबंधन ने पहले 20 हजार और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की। उनका यह भी कहना है कि छात्रा की स्कूटी अपने कब्जे में रख ली गई और रकम दिए बिना लौटाने से इनकार किया गया।

परिजनों का दावा है कि इस घटना के बाद छात्रा गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी। बुधवार दोपहर उसने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। परिवार का आरोप है कि कथित अपमान, मानसिक दबाव और पैसों की मांग से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।