Friday, May 29, 2026
Home Breaking खसरा सुधार के नाम पर 60 हजार की मांग, ACB ने तहसील...

खसरा सुधार के नाम पर 60 हजार की मांग, ACB ने तहसील कार्यालय से लिपिक को दबोचा

10

The Duniyadari: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग स्थित छाल तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर किसान से जमीन संबंधी रिकॉर्ड में सुधार करने के एवज में मोटी रकम मांगने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल अपने खसरा रिकॉर्ड के बी-1 दस्तावेज में त्रुटि सुधार कराने तहसील कार्यालय पहुंचे थे। इस काम के लिए आरोपी तुलाराम पटेल ने उनसे 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। परेशान किसान ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की।

शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के तहत जैसे ही रिश्वत का लेन-देन हुआ, टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि तुलाराम पटेल मूल रूप से शिक्षक है, लेकिन वर्तमान में छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था।

कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जरूरी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल टीम मामले की विस्तृत पड़ताल में जुटी हुई है।