Saturday, April 4, 2026
Home Breaking गंगरेल बांध में शुरू हुई वाटर एंबुलेंस सेवा, डुबान क्षेत्र के ग्रामीणों...

गंगरेल बांध में शुरू हुई वाटर एंबुलेंस सेवा, डुबान क्षेत्र के ग्रामीणों को अब 45 मिनट में मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

3

The Duniyadari: धमतरी- जिले के दूरस्थ डुबान क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंच अब आसान होने जा रही है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर गंगरेल बांध क्षेत्र में वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है, जिससे अब पहले की लंबी दूरी और कठिन रास्तों से राहत मिलेगी। जहां पहले मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए लगभग 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था, वहीं अब जलमार्ग के जरिए यह दूरी घटकर करीब सात किलोमीटर रह गई है।

कलेक्टर ने डुबान क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझते हुए अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लंबे समय से इन इलाकों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, खासकर आपातकालीन स्थिति में समय पर इलाज मिलना चुनौतीपूर्ण होता था। इस समस्या को देखते हुए वाटर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की गई है।

इस नई सुविधा से चिखली, माटेगहन, मोंगरागहन, मोंगरी, उरपुटी, कोड़ेगांव बी, कोड़ेगांव रैय्यत सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। सात पंचायतों के करीब 32 गांवों के हजारों लोग इस सेवा से लाभान्वित होंगे। वाटर एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को लगभग 45 मिनट में धमतरी तक पहुंचाया जा सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि इस सेवा के बेहतर संचालन के लिए जल्द ही टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर ग्रामीण आसानी से सेवा का लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने कहा कि यह सिर्फ परिवहन की सुविधा नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए जीवनरक्षक पहल है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन का लक्ष्य अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार कर इसे और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। वाटर एंबुलेंस सेवा से डुबान क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।