Tuesday, April 28, 2026
Home Breaking गैस कटर से ATM तोड़ने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने आरोपी को...

गैस कटर से ATM तोड़ने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायगढ़-  पूंजीपथरा थाना पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात होने से पहले ही टल गई। देर रात गेरवानी चौक स्थित एक एटीएम में तोड़फोड़ कर कैश निकालने की कोशिश कर रहे युवक को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।

मामला रात करीब 3 बजे का बताया जा रहा है, जब पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के निर्देश पर गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक युवक गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर पैसे निकालने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस ने बिना देर किए घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो झारखंड के पलामू जिले का निवासी है और वर्तमान में गेरवानी क्षेत्र में रह रहा था। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया गैस कटर भी बरामद किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था। ट्रांसपोर्ट कारोबार में नुकसान और कर्ज के चलते उसने एटीएम चोरी की साजिश रची थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उसकी योजना फेल हो गई।

इस घटना में एटीएम मशीन को करीब साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में कंपनी के कर्मचारी की शिकायत पर पूंजीपथरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।